logo

झारखंड : झुलसा रही गर्मी के बीच राहत की खबर, 5 दिनों तक होगी बारिश, मगर 2 दिन जरूरी नहीं हो तो इस समय घर से न निकलें

01022.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में गर्मी झुलसा रही है। जमीन तप रही। कई जिले गर्मी की चपेट में आ गए हैं। मौसम केंद्र रांची की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटें में राज्य में मौसम शुष्क रहा। लेकिन एक-दो स्थानों पर उष्ण लहर (हीटवेव) भी दर्ज किया गया है। लू यानी हीटवेव के बीच एक राहत भरी खबर भी मौसम केंद्र रांची ने दी है। केंद्र ने पूर्वानुमान के तहत कहा है कि राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 5 दिनों तक गर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार 20 से 24 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। मतलब 18-19 अप्रैल को लू चलने के बाद अगले पांच दिनों तक बारिश होने से राहत की उम्मीद है।

रहें सावधान, कल भी हीटवेव की है संभावना
मौसम केंद्र ने 18 व 19 अप्रैल को हीटवेव यानी लू चलने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधान रहने की नसीहत दी है। इसके तहत  उत्तर पश्चिमी, और उत्तर पूर्वी और दक्षिणी पूर्वी के विभिन्न जिलों में 2 दिनों तक लू (Heat wave) चलने की संभावना है। येलो अलर्ट के अनुसार 18 व 19 अप्रैल को राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार व लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्‌डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में लू चलने की संभावना जताई गई है।

अधिकतम तापमान में नहीं होगी बढ़ोत्तरी

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2-3 दिनों तक राज्य में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिन इसमें 2-3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। इधर, बीते 24 घंटों में सबसे उत्तम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस गोड्डा जिले का रहा। जबकि, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा जिले का रहा।

खुद को रखें हाइड्रेट, जरूरत न हो तो घर से न निकलें
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को गर्मी से बचने की सलाह दी है। कहा, सर्तकता बरतें। लू से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की नसीहत दी गई है। कहा गया है कि प्यास ना लगने पर भी पानी पियें। खुद को हाइड्रेट रखें। ओआरएस, घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी और छाछ आदि का प्रयोग करें। गर्मी के संपर्क में आने से बचें। हल्के, हल्के रंग के, ढीले, सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छतरी आदि से ढक कर ही धूप में निकले। वहीं, दिन के 11 बजे से लेकर 4 बजे तक घर से बाहर निकलने में परहेज बरतने कहा गया है। मौसम केंद्र की ओर से कहा गया कि जरूरत न हो तो इस समय घर से बाहर बिल्कुल न निकलें। अगर निकलना भी पड़े तो पूरी सावधानी बरतते हुए ही बाहर निकलें।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT