logo

गैंगस्टर अमन साहू के भाई आकाश को NIA ने किया अरेस्ट, कोयला खदान कांड से जुड़ा है मामला 

aman5.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
झारखंड में कोयला खदान में गोलीबारी के मामले में NIA को बड़ी सफलता मिली है। NIA ने गोलीबारी के बाद वसूली मामले में गैंगस्टर अमन साहू के भाई आकाश साहू को गिरफ्तार किया है। वहीं, NIA ने इस मामले में अमन साहू गिरोह के शंकर यादव के खिलाफ आरोप पत्र भी दायर किया है। साल 2020 में हुए कोयला खदान गोलीबारी कांड में अबतक 26 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है।

लेवी वसूली में आकाश रहा शामिल 
आकाश साहू की गिरफ्तारी के बाद NIA ने पाया कि वह शंकर यादव जैसे लोगों के साथ मिलकर गैंगस्टर अमन साहू के लिए काम कर रहा था। आकाश और संजय अपने गिरोह के साथ अमन साहू के लिए जबरन वसूली करते थे। दोनों मिलकर व्यापारियों को निशाना बनाते थे। उन्हें जान से मारने की धमकी  देकर लेवी वसूलते थे। वसूली के पैसों को आकाश रियाल एस्टेट में इन्वेस्ट किया करता था। NIA को जांच में पता चला कि आकाश अमन साहू गिरोह के सदस्यों को गैर-कानूनी कामों में सहयोग कर रहा था।


लातेहार में कोयला खदान में हुआ था गोलीकांड 

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में लातेहार के तेतरियाखाड़ कोयला खदान में गोलीबारी हुई थी। इसके बाद 19 दिसंबर 2020 को इस संबंध में बालूमाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। गोलीबारी लेवी वसूली और कोलियरी को बाधित करने को लेकर हुई थी। अमन साहू ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था।