द फॉलोअप डेस्क
घाटशिला उपचुनाव के संदर्भ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने आज गजट प्रकाशन करते हुए स्थानीय स्तर पर अधिसूचना जारी कर दी। इसके बाद, पूर्वी सिंहभूम जिले के समाहरणालय स्थित सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कर्ण सत्यार्थी ने नामांकन एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला से सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला सुनील चंद्र निर्वाची पदाधिकारी होंगे। नामांकन की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू हो गई है, और अंतिम तिथि 21 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 06 अक्टूबर को उपचुनाव की घोषणा के बाद से जिले में आदर्श आचार संहिता का पालन किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी आवश्यक एसओपी का अनुपालन भी किया जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संपादन के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि सुगम, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में चुनाव हो सके।
भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ईवीएम पर मत पत्र में बदलाव किए हैं। अब ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो, नाम और क्रम संख्या बड़े अक्षरों में अंकित होंगे। इसके लिए आयोग की गाइडलाइन के अनुसार काम किया जा रहा है। स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को शिक्षित और प्रेरित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां चल रही हैं, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके। सभी अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला चेकनाकाओं की निगरानी सख्ती से की जा रही है, ताकि अवैध मादक पदार्थ, संदिग्ध पैसों का परिवहन, शराब, उपहार और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी सुनिश्चित की जा रही है। उपचुनाव में होम वोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए वाहन, व्हीलचेयर, रैंप और वॉलंटियर की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की घटनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा सके।
