logo

राज्यसभा चुनाव : 1 जून से नामांकन, पार्टी हाईकमान से विचार मंथन के लिए भाजपा नेता दिल्ली गए

jpp.jpg


द फॉलोअप, रांची
झारखंड प्रदेश भाजपा के तीन शीर्ष नेता आज दिल्ली रवाना हो गए। उनमें क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहु शामिल हैं। तीनों नेता वहां राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गृहमंत्री अमित शाह व अन्य नेताओं के साथ विचार विमर्श करेंगे। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसी विचार विमर्श में झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशी देने और उसके नाम पर सहमति बनाए जाने की उम्मीद है। इन नेताओं के दिल्ली से लौटने के बाद उम्मीदवार के मामले में केवल औपचारिकता भर शेष रह जाएगी।


वैसे भी 6 जून को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची आ रहे हैं। वह संगठनात्मक मुद्दों पर कई बैठकें करेंगे। लेकिन इससे कहीं अधिक राज्यसभा चुनाव पर फोकस होगा। इसलिए प्रदेश भाजपा के ये नेता उन्हें झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर पूरी जानकारी देंगे। झामुमो और कांग्रेस की रणनीति से अवगत कराएंगे। भाजपा प्रत्याशी की जीत का फार्मूला बनाएंगे। जीत के लिए जरूरी चार मतों के जुगाड़ तंत्र भी चर्चा करेंगे। यहां मालूम हो कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए एक जून से नामांकन प्रारंभ होगा और आठ जून तक चलेगा। झारखंड विधानसभा में प्रत्याशी विधानसभा सचिव को अपना नामांकन पत्र सौंपेंगे। मालूम हो कि राज्यसभा चुनाव में विधानसभा के सचिव ही रिटर्निंग अफसर होते हैं। 

Tags - Jharkhand BJP three leaders went Delhi Rajya Sabha nomination June 1