logo

दुमका में स्पेन की महिला से गैंगरेप केस में अब CID की एंट्री, अब तक 4 आरोपी धराये; अब तक जो पता है...

a737.jpeg

द फॉलोअप डिस्क, रांची 
दुमका के हंसडीहा में विदेशी महिला के साथ गैंगरेप मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। अब इस मामले में सीआईडी ने संज्ञान ले लिया है। रांची से सीआईडी की एक टीम रविवार को दुमका के हंसडीहा पहुंची। सीआईडी के साथ फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल पहुंच कर छानबीन की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए टीम ने घंटों मुआयना किया। जांच अधिकारियों को घटनास्थल से कई साक्ष्य भी मिले हैं।

अब तक 3 आरोपी हुए गिरफ्तार 
विदेशी महिला से गैंगरेप मामले में अब तक 3 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। बता दें कि विदेशी महिला से गैंगरेप मामले में 7 आरोपियों के नाम सामने आये हैं। उनमें से 3 को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने पीड़िता से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। ममता कुमारी ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

1 मार्च को हुआ था गैंगरेप 
दुमका के हंसडीहा में 1 मार्च को एक स्पेनिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। विदेशी महिला अपने पति के साथ टूर पर निकली थी। वे दुमका से नेपाल की ओर जा रहे थे। हंसडीहा में शाम हो गई तो दंपति ने रात वहीं बिताने का फैसला किया। दंपति ने हंसडीहा बाजार से थोड़ी दूर कुरमाहाट नाम की बस्ती के पास सड़क से 2 किमी भीतर सुनसान पहाड़ी इलाके में टेंट लगाया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों आराम कर रहे थे कि तभी रात के करीब 11 बजे 7-8 लोग वहां पहुंचे और उन्हें जगाया। महिला ने बताया कि बदमाशों ने उनके पति को पीटा और टेंट में बांध दिया और फिर उसे कुछ दूर ले जाकर गैंगरेप किया। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसे हेलमेट और पत्थर से पीटा और छिनतई भी की।