द फॉलोअप डेस्क
देश की प्रतिष्ठित टाटा स्टील वर्ल्ड 25K कोलकाता (TSW 25K) रेस अपने 10वें ऐतिहासिक संस्करण में एक और यादगार मुकाम पर पहुंच गई है। आयोजन के प्रमोटर प्रोकैम इंटरनेशनल ने अमेरिका के शीर्ष स्प्रिंटर, ओलंपिक के दोहरे रजत पदक विजेता और विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण व रजत पदक जीत चुके केनी बेदनारेक को इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय इवेंट एंबेसडर घोषित किया है। यह रेस रविवार, 21 दिसंबर 2025 को आयोजित होगी और दुनिया की पहली वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल 25K रेस होने का गौरव लगातार बनाए रखेगी।
10वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी टाटा स्टील वर्ल्ड 25K कोलकाता अब केवल एक रेस नहीं, बल्कि फिटनेस, समुदाय और मानवीय जज्बे का उत्सव बन चुकी है। इस बार दुनिया के श्रेष्ठ धावकों में शुमार केनी बेदनारेक इस आयोजन की प्रेरणादायी पहचान बनेंगे। सिर्फ 27 वर्ष की उम्र में ‘कुंग फू केनी’ के नाम से मशहूर बेदनारेक ट्रैक एंड फील्ड जगत का एक प्रमुख चेहरा बन चुके हैं। टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में 200 मीटर स्पर्धा में दो रजत पदक तथा 2025 में टोक्यो में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर उन्होंने खुद को दुनिया के सबसे भरोसेमंद स्प्रिंटर्स में स्थापित किया है। बेदनारेक का जीवन सफर भी उतना ही प्रेरणादायक है जितनी उनकी दौड़। विस्कॉन्सिन में जन्म के तुरंत बाद त्यागे जाने, कठिन बचपन से गुजरने और फिर गोद लिए जाने के बाद उन्होंने सामुदायिक कॉलेज की ट्रैक से उठकर विश्व मंच पर अपनी पहचान बनाई।
कोलकाता आने से पहले बेदनारेक ने कहा कि जीवन ने उन्हें सिखाया है कि मंजिल से ज्यादा मायने सफर रखता है। उन्होंने कहा कि कोलकाता का खेलों के प्रति जुनून और इस रेस का समुदाय तथा स्वास्थ्य पर फोकस उनकी कहानी से गहराई से जुड़ता है। वे प्रतिभागियों की ऊर्जा देखने और उन्हें प्रेरित करने के लिए उत्साहित हैं। उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दुनिया के शीर्ष समयों में गिने जाते हैं।
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा कि 10वें संस्करण में केनी का जुड़ना गर्व की बात है। उनका सफर दृढ़ता, उद्देश्य और निरंतर प्रयास की जीवंत मिसाल है, जो टाटा स्टील और इस आयोजन की मूल भावना से मेल खाता है। उनकी उपस्थिति निश्चित रूप से अधिक लोगों को फिटनेस और रनिंग की खुशी अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। प्रोकैम इंटरनेशनल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक सिंह ने कहा कि बेदनारेक का जीवन यह संदेश देता है कि उत्कृष्टता की तलाश में निरंतरता और विनम्रता ही एक सच्चे चैंपियन को गढ़ती है। उनके आने से रनिंग समुदाय में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा।