logo

AAP नेता संजय सिंह को जमानत मिलने पर कल्पना ने कहा- तानाशाही ताकतों का किला ध्वस्त होना शुरू हुआ

ेोलरह_ेगलुप.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गई हैं। पति के जेल जाने के बाद उन्होंने हेमंत सोरेन के सोशल मीडिया की कमान संभाल ली है। जिसपर आए दिन वह कोई ना कोई पोस्ट करती हैं। आज उन्होंने आप नेता संजय सिंह को बेल मिलने पर बधाई देते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कल्पना ने लिखा है "तानाशाही ताकतों का किला ध्वस्त होना शुरु हो गया है। आप नेता और राज्यसभा सांसद श्री संजय सिंह जी ने अन्यायपूर्ण कारावास के खिलाफ एक बड़ी जंग जीती है। यह सत्य और संघर्ष की जीत है, यह INDIA की जीत है। श्री संजय सिंह जी, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनिता सिंह जी तथा उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई और जोहार।"


6 महीने बाद जेल से बाहर आएंगे
दरअसल दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में आरोपी बनाए गए आप सांसद संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही ईडी ने आप सांसद को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। कोर्ट के पूछने पर ईडी ने संजय सिंह की जमानत का विरोध नहीं किया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। अब वह छह महीने बाद जेल से बाहर आएंगे। हालांकि कोर्ट ने उन्हें बेल देते हुए यह भी कहा कि आदेश को नजीर नहीं माना जाएगा। 

सुनवाई के दौरान क्या- क्या हुआ

जमानत देने से पहले आज संजय सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस पीबी वराल ने ईडी के लिए पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू को बताया कि क्या ईडी को संजय सिंह की और कस्टडी चाहिए। पीठ ने ये भी कहा कि सिंह छह महीने से जेल में हैं तो इसे देखते हुए बताइए कि क्या ईडी को उनकी और कस्टडी की जरूरत है। पीठ ने एसवी राजू को ये भी बताया कि संजय सिंह के पास से कोई पैसा नहीं मिला है। उनके ऊपर जो दो करोड़ रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है उसे ट्रायल में भी जांचा जा सकता है। इससे पहले संजय ने हाईकोर्ट में भी कहा था कि वह महीनों से जेल में हैं और अब तक इस घोटाले में उनकी कोई भूमिका भी सामने नहीं आई है। ऐसे में उन्हें बेल मिलनी चाहिए।

Tags - SANJAY SINGHSANJAY SINGH AAP BAIL SANJAY SINGH KALPANA SOREM TWEET JAHRKHAND KALPANA SOREN