द फॉलोअप डेस्क
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत द्वारा संचालित “विकसित भारत पदयात्रा और सरदार @150 यूनिटी मार्च 2025” का आयोजन हजारीबाग में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विनोबा भावे विद्यालय के विवेकानंद सभागार परिसर से हुई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर यह संदेश दिया कि अनेकता में एकता ही भारत की पहचान है और यही संदेश हमारा देश पूरे विश्व को दे रहा है। मंच से छात्रों ने ‘देश सर्वोपरि’ का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम के बाद यूनिटी मार्च विश्वविद्यालय परिसर से आरंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ हजारीबाग के कई नागरिक भी शामिल हुए। पूरे मार्च के दौरान हाथों में तिरंगा लहराता रहा और “भारत–श्रेष्ठ भारत”, “एकता में शक्ति”, “सरदार पटेल अमर रहें” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश की एकता और अखंडता सरदार पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि राष्ट्र पहले, उसके बाद हम स्वयं। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि भारत के भविष्य की असली ताकत युवा हैं। यदि वे सरदार पटेल की कर्तव्यनिष्ठा, संगठन क्षमता और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरणा लें, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
