द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिला के मंडरो प्रखंड क्षेत्र के गुर्मी पहाड़ पर बने फॉसिल्स पार्क में शनिवार 28 जून को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वाधान में वन प्रमंडल ने एक दिवसीय वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल सांसद विजय हांसदा, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, डीएफओ प्रबल गर्ग व डीडीसी सतीश चंद्रा उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ राजमहल सांसद, बोरियो विधायक, डीएफओ व डीडीसी ने संयुक्त रूप से नन्हें पौधों को सींच कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय हांसदा ने कहा, "वन महोत्सव में प्रयास यही है कि ज़्यादा से ज़्यादा पौधे हम लगाएं। पौधरोपण को आंदोलन बनाना होगा। इसे जन जन तक पहुंचना होगा। हर कोई पर्यावरण को सुधारने में अपना अपना योगदान दे। पौधरोपण से साहिबगंज के पर्यावरण में बहुत सुधार हुआ है। जन भागीदारी हुई तो सुधार हर जगह होने लगेगा।" वहीं बोरियो विधायक धनंजय सोरेन ने कहा, "माइंस वाले इलाकों में पर्यावरण संरक्षण जरूरी है। ताकि वातावरण को शुद्ध रखा जा सके।"
डीएफओ प्रबल गर्ग ने कहा, "फॉसिल्स पार्क में मौजूद फॉसिल ये बताते हैं कि करोड़ों वर्ष पहले भी धरती पर पर्यावरण रक्षा के लिए पेड़ों का अपना महत्व रहा था। पेड़ों ने पर्यावरण की रक्षा के लिए अपनी जान दे दी और वर्षों बाद पत्थर बन फॉसिल के रूप में सामने आए हैं। आज हमें इनके महत्व का पता चलता है। ऐसे ही किसी प्राकृतिक आपदा से बचने के लिए व पर्यावरण संरक्षण के लिए आज पेड़ लगाना जरूरी हो गया है।" वहीं डीडीसी सतीश चंद्रा ने कहा, "वन महोत्सव को जन आंदोलन में परिवर्तित कर साहिबगंज सहित राज्य को हरा-भरा बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। लोगों को भी प्रोत्साहित करने का काम किया जा रहा है।"
डीएफओ ने कहा, "जल्द ही फॉसिल्स पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं सैलानियों के लिए व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद सभी ने पौधरोपण भी किया। वहीं पेड़ों में रक्षा सूत्र बांध उनकी रक्षा का संकल्प भी लिया।"
वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान लोगो के सुविधाओं के लिए जिला आपूर्ति शाखा, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना मंडरो सहित अन्य विभागों का शिविर लगाया गया था। जहां लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं से जुड़ी परिसंपत्ति का वितरण किया गया।
मौके पर मंडरो बीडीओ मेघनाथ उरांव, रेंजर पंचम दुबे के अलावे बीपीओ अभिषेक आनंद, जिला कोऑर्डिनेटर सुमित चौबे, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार, जेएसएलपीएस डीपीएम मतीन तारिक, बीपीएम ब्रह्मानंद महतो, शिक्षा विभाग के बीपीओ मोहम्मद अहसान अहमद, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुबोध सोरेन, सचिव बबलू मिश्रा, मनयीम अंसारी,संटी मिश्रा, बाबुचंद सोरेन, जेम्स किस्कु, समीम खान, सीएचओ मोहन सिंह जाटव, पिंकी पाल, एएनम मिनी बास्की, मेरी मरांडी, वनपाल रंजीत राणा, वनरक्षी फैलिसिटस हांसदा , पप्पु कुमार , इंद्रजीत कुमार , अमित कुमार , सुनील कुमार , सनी रजक , अंकित झा , राजेश टुडू , प्रेम कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
