द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत अरतोका गांव में बिना किसी वैध लीज के पत्थर खदान का अवैध संचालन लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि 14 नवंबर 2025 को प्रशासन द्वारा छापेमारी किए जाने के बावजूद कुछ ही दिनों बाद खदान का कार्य फिर से धड़ल्ले से शुरू हो गया। मिली जानकारी के अनुसार इस अवैध खनन का संचालन अजय मोदी द्वारा किया जा रहा है, जो हीरोडीह थाना क्षेत्र के रेम्बा गांव का निवासी बताया जाता है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस खदान से प्रतिदिन लगभग 50 हाइवा पत्थर की ढुलाई की जा रही है। खनन कार्य वन विभाग की सीमा क्षेत्र में किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है। इतना ही नहीं, नदी से महज कुछ ही दूरी पर लगातार खुदाई कर पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
.jpg)
बताया जाता है कि अजय मोदी बीते छह महीनों से लगातार अवैध उत्खनन कर रहा है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि पूर्व में हुई छापेमारी के बाद सख्त कार्रवाई की गई होती, तो आज यह अवैध कारोबार फिर से फल-फूल नहीं रहा होता। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध खदान संचालित हो रही है? क्या प्रशासन और वन विभाग की आंखों के सामने कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं? क्षेत्र के लोगों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने एवं दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
.jpeg)