logo

नीट पेपर लीक पर संसद में विपक्ष का प्रदर्शन जारी, पीएम से सदन में जवाब देने की मांग

kharge1.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

नीट पेपर लीक के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन जारी है। आज भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर में धरना प्रदर्शन किया। सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा। पीएम मोदी ने गुरुवार की देर रात को यह आश्वासन दिया था कि कैबिनेट की बैठक में पेपर लीक के खिलाफ कड़े कानून का प्रस्ताव लाया जायेगा। उन्होंने इसे लोकसभा में लाने का भी वादा किया, लेकिन विपक्ष की मांग है कि प्रधानमंत्री नीट पेपर लीक समेत शिक्षा व्यवस्था में खामी और जंतर मंतर पर जारी छात्रों के आंदोलन पर सदन में आकर जवाब दें।

विपक्ष का कहना है कि प्रधानमंत्री का वीडियो जारी करना पर्याप्त नहीं है। सरकार को सदन में चर्चा करनी चाहिए। इस बीच सोनम वांगचुक ने अपना अनशन  तोड़ दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर मंतर पर आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बिना आंदोलन खत्म नहीं होगा। 

 

पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री पर कसा तंज
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री के आश्वासन को लेकर कहा कि उन्हें बोलने दीजिए। उनकी बात को कौन गंभीरता से लेता है? एक तो उन्होंने 20 दिन बाद चुप्पी तोड़ी है और पता नहीं कैसी अजीब बातें कह रहे हैं? पवन खेड़ा ने कहा कि नौजवान किसी वजह से सड़क पर है। वह कुंठाग्रस्त है जो प्रधानमंत्री की लफ्फाजियों से खत्म नहीं होगा। इसका ठोस समाधान निकालना होगा। 

सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक ने 25वें दिन अपना अनशन खत्म किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, और मंत्री जितेंद्र सिंह समेत कुछ अन्य नेताओं की मौजूदगी में सोनम वांगचुक ने अपना उपवास खत्म किया। उन्होंने इस शर्त पर अपना अनशन खत्म किया है कि 20 जुलाई की घटना को लेकर किसी भी प्रदर्शनकारी पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जायेगा। पेपर लीक के खिलाफ कड़ा कानून लाया जायेगा। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने मांगें माने जाने तक आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच वार्ता भी होगी, जिसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया का चुनाव किया गया है। 

Tags - ParliamentMallikarjun KhargeCongressPaper Leak