पाकुड़
पाकुड़ में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित घोटाले को लेकर छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार सुबह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पाकुड़ के बिरसा चौक के समीप मुख्य सड़क पर धरना दिया और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।
बारिश के बीच सड़क पर डटे रहे कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने ‘हेमंत सोरेन गद्दी छोड़ो’ के नारे भी लगाए। सुबह-सुबह मुख्य सड़क पर जाम लगने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। बारिश के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
सीबीआई जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने विवादित परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग भी उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।