नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला प्रबंधक, पाकुड़ अभिषेक कुमार सिंह ने रविवार को महेशपुर सहित विभिन्न प्रखंडों में झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के गोदामों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, अभिलेखों और पंजी के संधारण की स्थिति, गोदाम आधुनिकीकरण के तहत उपलब्ध सामग्री तथा जीर्णोद्धार और नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में पाई गई त्रुटियों के समाधान के लिए संबंधित सहायक गोदाम प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने महेशपुर प्रखंड अंतर्गत जन वितरण प्रणाली (PDS) की कुछ दुकानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न वितरण की स्थिति, ई-केवाईसी अद्यतन प्रगति, स्टॉक रजिस्टर एवं शिकायत पंजी के रखरखाव की जांच की। डीएसओ सिंह ने सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को निर्देश दिया कि लाभुकों का ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण करें और “आहार दिवस” के दिन लाभुकों को खाद्यान्न वितरण हर हाल में सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पाकुड़िया प्रखंड के पाकुड़िया पंचायत भवन परिसर स्थित दाल भात केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, लाभुकों की उपस्थिति और वितरण प्रक्रिया की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जिले के सभी दाल भात केंद्रों में पारदर्शिता, स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि जरूरतमंदों को सुलभ दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
