नंदलाल तुरी
पाकुड़ में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में चेंबर ऑफ कॉमर्स, पाकुड़ के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बारी-बारी से चेंबर ऑफ कॉमर्स के सभी सदस्यों की समस्याएं और सुझाव सुने, और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आश्वासन भी दिया। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी, ताकि व्यापारिक संस्थानों की सुरक्षा में सुधार हो सके। इसके अलावा, ज्वैलरी शॉप, पेट्रोल पंप और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों में निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने का निर्देश भी दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों को यह भी बताया कि किसी भी कर्मी को काम पर रखने से पहले उनका चरित्र सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, उन्होंने दुकानदारों और प्रतिष्ठान मालिकों से अपील की कि जब वे बैंक में बड़ी राशि जमा करने जाएं तो पुलिस से मदद लें। सड़क जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके और सड़क जाम की समस्या से निजात मिल सके। इस बैठक में चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों का स्वागत किया और इस प्रकार की सुरक्षा पहल को समाज के लिए जरूरी बताया।
.jpeg)