नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप 2026 के लिए जिले के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन झारखंड राज्य टीम में किया गया है। इस उपलब्धि से जिलेभर में खुशी का माहौल है। चयनित खिलाड़ियों में गृह रक्षा वाहिनी, पाकुड़ के जवान रंजीत टुडू का चयन पुरुष वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जबकि दिव्या मुर्मू का चयन महिला वर्ग की 6 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता हेतु हुआ है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त पाकुड़ मनीष कुमार ने दोनों खिलाड़ियों को उनके चयन पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस सफलता के लिए दोनों खिलाड़ियों के कोच अक्षय बाउरी को भी बधाई दी।
वहीं जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उत्साहवर्धन की सराहना की। जिला प्रशासन और खेल विभाग को पूर्ण विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाकुड़ जिला एवं झारखंड राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगे। इस उपलब्धि पर पाकुड़ जिला ओलंपिक संघ एवं एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष, सचिव सहित सभी सदस्यों ने भी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
