logo

रांची की पलक भगत का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन, अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर बनने की ओर

ुतोेे.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की उभरती महिला क्रिकेटर कुमारी पलक भगत का चयन भारतीय अंडर-19 महिला टी20 और वनडे टीम में किया गया है। वह आगामी श्रीलंका दौरे में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। पलक के चयन से रांची समेत पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। ओरमांझी की रहने वाली पलक भगत रांची की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर बनने जा रही हैं। इससे पहले रांची को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के नक्शे पर पहचान दिलाने का श्रेय पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को जाता है। अब पलक महिला क्रिकेट में शहर का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।


संघर्षों के बीच तय किया सफलता का सफर
मूल रूप से देवघर की रहने वाली पलक बचपन में अपनी मां के साथ रांची आ गई थीं। उनके पिता नहीं हैं, लेकिन उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी परवरिश और क्रिकेट के सपने को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। पलक ने लगातार मेहनत और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। पलक की इस सफलता के पीछे उनके कोच पंचित महतो का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने शुरुआती दिनों से ही पलक की प्रतिभा को निखारने का काम किया और उन्हें बेहतर मंच दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पलक की हर उपलब्धि पर पंचित महतो लगातार नजर रखते रहे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहे।


झारखंड के लिए गर्व का पल
भारतीय अंडर-19 टीम में चयन के साथ पलक भगत ने झारखंड की बेटियों के लिए एक नई मिसाल पेश की है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि उनकी यह उपलब्धि राज्य की युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। अब सभी की निगाहें श्रीलंका के खिलाफ होने वाली श्रृंखला में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।

 

Tags - Palak Bhagat Women Cricket Ranchi Jharkhand Cricket Team India