पलामू
राज्य में जनता के लिए मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर भाजपा सभी जिलों में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को पलामू समाहरणालय परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। मुख्य रूप से इस प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा महामंत्री अमर बाउरी, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, भाजपा महामंत्री मनोज सिंह तथा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा चुप नहीं बैठेगी
इस दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने प्रशासन से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंप कर चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी।

पाप का घड़ा भर चुका है
वहीं झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए नेताओं ने कहा कि इस सरकार का “पाप का घड़ा भर चुका है” और राज्य में दुष्कर्म सहित गंभीर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर होती जा रही है और सरकार हर मोर्चे पर असमर्थ नजर आ रही है। आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है, जबकि सरकार समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है। उन्होंने तल्ख तेवर में कहा कि यदि हालात में जल्द सुधार नहीं हुआ तो पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी।