द फॉलोअप डेस्क
पलामू उपायुक्त समीरा एस ने गुरुवार को सतबरवा प्रखंड के कई आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन से लेकर केंद्रों की मूलभूत सुविधाओं तक का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने केंद्रों में कार्यरत सेविका और सहायिका से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और शिक्षा संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को समय पर गरम भोजन, स्वच्छ पेयजल और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने पोषण वाटिका में उगाई जा रही हरी सब्जियों और पौधों को भी देखा। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए इन्हीं सब्जियों से पोषक आहार तैयार किया जाए, ताकि उन्हें स्थानीय और ताज़ा भोजन मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के समग्र विकास का केंद्र है, इसलिए वहां की स्वच्छता, अनुशासन और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। वहीं, जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी भी विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि सभी केंद्रों में बेहतर व्यवस्था और बच्चों के हित में प्रभावी कदम सुनिश्चित किए जा सकें।
