पलामू
पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को मेदिनीनगर के सिंचाई विभाग स्थित बाल गृह का निरीक्षण किया। यह बाल गृह वात्सल्य धाम नामक एनजीओ द्वारा संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम डीसी ने वहां रह रहे बच्चों से उनका परिचय प्राप्त कर उनकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वहां के काउंसलर से बच्चों को टीवी पर नॉलेज आधारित कंटेंट दिखाने की बात कही।

खुद के बच्चे की तरह ख्याल देखभाल करें
डीसी ने बाल गृह में रहने वाले बच्चों संग संवाद कर उनसे वात्सल्य धाम में दिए जा रहे सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बच्चों के बीच विभिन्न प्रकार के खिलौने का भी वितरण किया। इसके साथ ही सभी बच्चों के बीच कपड़े एवं फल का भी वितरण किया। उन्होंने अधीक्षक और काउंसलर से कहा कि जिस तरह खुद के बच्चे का ख्याल रखते हैं, ठीक उसी भावना से इन बच्चों का भी देखभाल करें। उन्होंने सभी बच्चों से विभिन्न प्रकार की गतिविधियां कराने पर भी बल दिया।

घटनाओं से बचा जा सके
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन के ऊपर के तल्ले पर पंखा लगाने के निर्देश दिए। वहीं विशेष बच्चों की दृष्टिकोण से कुछ आवश्यक निर्माण कार्यों को दुरुस्त करने की बात कही ताकि किसी प्रकार के अनहोनी घटनाओं से बचा जा सके। इसी तरह आवश्यकतानुसार वाशिंग मशीन बदलने, निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराने की बात कही। इस दौरान मौके पर सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक पीयूष मौजूद रहे।