खुशी ठाकुर/पलामू:
जनगणना की शुरुआत होने वाली है। वैसे तो सरकार द्वारा नियुक्त कर्मचारी जनगणना के लिए घर-घर जाएंगे, लेकिन इस बार सरकार ने स्व-जनगणना की सुविधा प्रदान की है। नई व्यवस्था में नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी पोर्टल पर जाकर भर सकते हैं। सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए Self Enumeration Portal की शुरुआत की है। आगामी जनगणना को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा Self-Enumeration Portal की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से अब नागरिक स्वयं अपनी जनगणना कर सकेंगे।

देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया
गौरतलब है कि जनगणना देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है। इससे देश की विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण और भविष्य की नीतियां तय होती हैं। इस बार जनगणना को और अधिक सुगम, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने Self-Enumeration Portal शुरू किया है।

1-15 मई तक संचालित होगी यह प्रक्रिया
जनगणना प्रक्रिया अंतर्गत आज पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने विभिन्न पत्रकारों के समक्ष सभागार में 'ऑनलाइन स्व-गणना' (Self-Enumeration) पोर्टल के माध्यम से स्वयं का पंजीकरण कर अभियान का शुभारंभ किया। स्व-गणना न केवल सुविधा है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हमारी सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है।सभागार में ही उप विकास आयुक्त,पुलिस अधीक्षक एवं पत्रकारों ने भी अपना स्व-गणना की।
डीसी ने सभी से अपील की है कि सभी लोग अपने मोबाइल या लैपटॉप से se.census.gov.in पर जाकर खुद भी अपना (Self-Enumeration) ऑनलाइन स्व-गणना' अवश्य करें। जनगणना को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने में सभी का सहयोग अपेक्षित है। ध्यान रहे यह प्रक्रिया 1 मई से 15 मई तक संचालित होगी।