द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र की मुरमा कला पंचायत के पिपरखांड गांव में गुरुवार की सुबह गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक घर में भीषण आग लग गयी। हादसे में घर में रखा सामान और घर से सटी किराना दुकान जलकर राख हो गयी, जबकि आग की चपेट में आने से घर के दो कमरे भी क्षतिग्रस्त हो गये। इस घटना में 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, परिवार के सभी सदस्यों ने समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी।

रेगुलेटर के पास आग लगने के बाद हुआ ब्लास्ट
पीड़ित अखिलेश विश्वकर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे रसोई में नाश्ता बनाने के लिए गैस सिलेंडर बदला गया था। इसके बाद जैसे ही चूल्हा जलाया गया, रेगुलेटर के पास आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। इसके बाद आग तेजी से घर में फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकले और अपनी जान बचायी। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग घर से सटी किराना दुकान तक पहुंच गयी। दुकान में रखा सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गयी। अखिलेश विश्वकर्मा के अनुसार, किराना दुकान के जलने से करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा घर के दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गये और घरेलू सामान भी बर्बाद हो गया। पीड़ित परिवार ने हादसे में कुल 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया है।

ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलने पर ऊंटारी रोड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, तब तक घर और दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।