पलामू:
पलामू शहर थाना क्षेत्र के रेडमा चौक के पास मंगलवार रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब 10 महीने पहले शादी हुई वैष्णवी देवी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे आनन-फानन में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कमरे में फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे वैष्णवी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल एमएमसीएच लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग शव को ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस चौकी के जवानों ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान मायके वालों को घटना की जानकारी दी गई। बुधवार को वैष्णवी के मायके वाले पलामू पहुंचे। उन्होंने घटना पर सवाल उठाते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की जांच की मांग की।
.jpeg)
कम दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही वैष्णवी को कम दहेज मिलने की बात को लेकर ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों को आशंका है कि दहेज को लेकर उसकी हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मृतका के मामा जीतेंद्र ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे वैष्णवी की अपनी मां से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। उस समय उसने किसी तरह की परेशानी, विवाद या तनाव की बात नहीं बताई थी। इसके करीब दो घंटे बाद उसके फंदे से लटके मिलने की सूचना परिवार को मिली। अचानक हुई मौत को लेकर मायके वालों ने संदेह जताया है।
.jpeg)
जन्माष्टमी से दो दिन पहले मायके से लौटी थी
परिजनों के मुताबिक, वैष्णवी जन्माष्टमी से दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी। उसका मायका उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के औडिमोड थाना क्षेत्र में है। करीब 10 महीने पहले उसकी शादी रेडमा चौक निवासी सूरज गुप्ता से हुई थी।
पति ने बताया- खाना पहुंचाने अस्पताल गया था
वहीं, वैष्णवी के पति सूरज गुप्ता ने बताया कि मंगलवार रात वह पांच लोगों के लिए खाना लेकर गंगा हॉस्पिटल गए थे। उनके मुताबिक, खाना वैष्णवी ने ही बनाया था। वह खाना लेकर अस्पताल चले गए और उनके जाने के बाद घर में यह घटना हुई। सूरज की रेडमा चौक पर फोटो कॉपी की दुकान है। घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मायके वालों की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वैष्णवी की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।