द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। हैदरनगर थाना क्षेत्र में तेज हवा के दौरान पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के बड़ेम थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवारीडीह निवासी 50 वर्षीय रामदेव चंद्रवंशी के रूप में हुई है। वहीं, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा इलाके में भी पेड़ गिरने की घटना में सुनील राम के बेटे की मौत होने की खबर सामने आई है। मौसम की मार से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, रामदेव चंद्रवंशी एक शादी समारोह में शामिल होने हैदरनगर के रामबांध टोला स्थित धोबियाडीह आए हुए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद रिश्तेदार अनिल चंद्रवंशी (45) उन्हें बाइक से इलाज के लिए हैदरनगर लेकर गए। इलाज के बाद दोनों वापस लौट रहे थे, तभी तेज आंधी के बीच मरघटिया रोड पर अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ बाइक पर गिर पड़ा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में मौत, घायल रेफर
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को निजी वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने रामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अनिल चंद्रवंशी की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

रेल परिचालन प्रभावित, पुलिस जांच में जुटी
इधर, मेदिनीनगर के सिंगरा खुर्द इलाके में रेलवे ट्रैक पर पीपल का पेड़ गिरने से रेलवे की थर्ड लाइन पर परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया। सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक को साफ कराया और परिचालन सामान्य किया। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।