logo

शिबू सोरेन स्मृति पलामू कप : पलामू कप नहीं, खेल में इतिहास रचा है सन्नी और शार्दुल की जोड़ी ने- मिथिलेश ठाकुर 

KHEL112.jpg

पलामू
दिशोंम गुरु शिबू सोरेन स्मृति पलामू कप सीजन–3 का फाइनल मुकाबला रविवार को रोमांच के चरम पर पहुंच गया। 15 ओवर के इस खिताबी मुकाबले में पलामू वॉरियर्स ने शानदार अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए रेड बुल को 125 रन के लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया और सीजन–3 का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान पलामू वॉरियर्स के गेंदबाजों ने कसी हुई रणनीति के साथ रेड बुल की मजबूत बल्लेबाजी क्रम पर लगातार दबाव बनाए रखा। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में हर ओवर के साथ उत्साह बढ़ता गया, लेकिन अंत में पलामू वॉरियर्स ने सूझबूझ और जुझारूपन के दम पर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। महाआयोजन की शुरुआत दिशोंम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजन समिति के अध्यक्ष सन्नी शुक्ला और शार्दुल विनायक ट्रॉफी लेकर पूरे मैदान का भ्रमण करते नजर आए, जिस दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से मैदान गूंज उठा।


फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर रहे। उन्होंने विजेता टीम पलामू वॉरियर्स को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि का चेक और विजेता ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पलामू में खेल और खिलाड़ियों की प्रतिभा किसी से कम नहीं है और ऐसे आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूती देते हैं।
आयोजक सन्नी शुक्ला और शार्दुल विनायक ने आयोजन समिति के सभी साथियों और सहयोगी प्रायोजकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अगले वर्ष पलामू कप और भी बेहतर स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। मुख्य प्रायोजक जे.पी.एस बजाज के साथ आशी केयर हॉस्पिटल, मक्स टेक्नोलॉजी, हिंदुस्तान सैनिटरी, कात्यायनी हार्डवेयर, आई विन फाउंडेशन सहित सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया गया। पलामू वॉरियर्स की इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सफल आयोजन के साथ पलामू कप सीजन–3 ने भविष्य में और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं की मजबूत उम्मीद जगा दी।


 

Tags - Palamu Cup Palamu Warriors Cricket Final Jharkhand Sports Local Tournament