द फॉलोअप डेस्क
सोमवार सुबह टाटानगर रेलवे स्टेशन का मुख्य द्वार अचानक धमाकों की तीखी आवाज से गूंज उठा। लगभग साढ़े 11 बजे स्टेशन के बाहर खड़े एक सीएनजी ऑटो में आग लगने के बाद एक के बाद एक दो तेज धमाके हुए, जिससे पूरे स्टेशन परिक्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
आसमान छूती लपटों को देखते ही लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। मौके पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया। आवाज इतनी भयावह थी कि आसपास के इलाकों तक उसकी गूंज सुनाई दी और हर कोई कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गया।.jpg)
जानकारी के मुताबिक, कीताडीह निवासी पवन राय सीएनजी ऑटो में यात्रियों को लेकर स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने ऑटो के नीचे से चिंगारी निकलते देख चालक को सावधान किया। कुछ ही क्षणों में धुआं उठने लगा और देखते-ही-देखते ऑटो आग की लपटों में घिर गया। सतर्कता से चालक और यात्री तुरंत नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, वरना हादसा भयावह रूप ले सकता था।
दमकल की त्वरित कार्रवाई से टली जनहानी
घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर वैन, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। राहत की बात यह रही कि इस घटनाक्रम में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग अब आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।.jpeg)
गौरतलब है कि इससे पहले भी शनिवार सुबह स्टेशन के बाहर एक होंडा सिटी कार अचानक धधक उठी थी, जिसमें कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।