logo

संताल परगना के परगनैत को दिए जायेंगे प्रति माह तीन हजार रूपए सम्मान राशि : मुख्यमंत्री 

CMHEMANT2023-07-31_at_8_19_18_PM.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 

आदिवासी सामाजिक व्यवस्था को गांव-पंचायत स्तर पर नेतृत्व प्रदान करने वाले संताल परगना के परगनैत को मानकी की तरह प्रति माह तीन हजार रूपए सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। उपायुक्त एवं दुमका आयुक्त के अनुशंसा पर सीएम हेमंत सोरेन ने संथाल परगना के विभिन्न जिले के परगनैत को मानकी के अनुमान्य मानदेय देने के विषय पर अपनी स्वीकृति दी है. बता दें वर्तमान में मानकी को प्रतिमाह तीन हजार रूपए, मुण्डा एवं ग्राम प्रधान को प्रतिमाह दो हजार रूपए तथा डकुआ, परगणौत, पराणिक, जोग मांझी, कुडाम नायकी, नायकी, गोडैत, मूल रैयत, पड़हा राजा, ग्रामसभा का प्रधान, घाटवाल, तावेदार तथा ग्रामीण दिउरी (पुजारी) को प्रतिमाह एक हजार रूपए सम्मान राशि का भुगतान किया जा रहा है। 

पूर्व में छूटे 697 लोगों दिया जायेगा सम्मान राशि 
 
मुख्यमंत्री ने इससे पहले फरवरी 2022 में गिरिडीह जिला के पीरटांड़ में निवास करने वाले मांझी हडाम, जोग मांझी, पराणिक, नायके बाबा, कुड़ाम नायके को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा प्रतिमाह एक हजार रूपये सम्मान राशि के रूप में भुगतान करने का आदेश दिया था। राज्य सरकार से स्वीकृति मिलने के उपरांत पीरटांड़ के 177 मांझी हडाम, 179 जोग मांझी, 143 पराणिक, 78 एवं 120 कुड़ाम नायके को सम्मान राशि प्राप्त हो रही है। मालूम हो कि उपरोक्त सभी 697 लोगों का नाम पूर्व में छूट गया था। मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने इन्हें सम्मान राशि प्रदान करने का आदेश दिया था। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT