द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गुरुवार तड़के इलाजरत एक मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 5 बजे की आसपास की बताई जा रही है, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, वह नशे की लत का आदि था और परिजनों ने उसे तीन दिन पूर्व ही इलाज के लिए अस्पताल के मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया था। वह एड्स और टीबी जैसी बीमारियों से ग्रसित था। कहा जा रहा है कि इसी तनाव में आकर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
.jpg)
बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के युवक अपनी मां को शौच के लिए जाने की बात कहकर वार्ड से बाहर निकला। कुछ ही देर बाद लोगों को तेज आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां देखा कि युवक अस्पताल की चौथी मंजिल से कूद चुका था। घटना के बाद परिजन और अस्पतालकर्मी तत्काल उसे उठाकर इमरजेंसी वार्ड ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस अप्रत्याशित घटना से अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों में दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, खासकर मृतक की मां गहरे सदमे में है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना एमजीएम थाना को दे दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।