द फॉलोअप डेस्क
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा आज रांची में संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गिनाने पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने तंज कसते हुए कहा कि इन 11 वर्षों में भाजपा ने संविधान के हर पन्ने पर तानाशाही की स्याही पोती है और अब वही पार्टी अपनी उपलब्धियां गिना रही है। इन वर्षों में न कोई जवाबदेही रही, न कोई सकारात्मक बदलाव आया, सिर्फ प्रधानमंत्री द्वारा अपना प्रचार-प्रसार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश की तमाम संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या देश की ज़मीन पर विदेशी अतिक्रमण, अमेरिका के सामने झुकना, ऐतिहासिक विदेशी कर्ज का बोझ, विफल विदेश नीति के कारण भारत का अलग-थलग पड़ना, मणिपुर में दो वर्षों से जारी अराजकता, ये सब भाजपा की उपलब्धियां हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सेना के पराक्रम को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना कोई उपलब्धि है? क्या भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देना, देश की संपत्तियों को पूंजीपति मित्रों को सौंप देना और फिर अपनी पीठ थपथपाना भाजपा की आदत बन चुकी है?
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण न केवल रोजगार के अवसर कम हुए हैं, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों में भी कटौती हुई है। कमलेश ने कहा कि मोदी के 11 साल देश के लिए सबसे कठिन और आम जनता के लिए सबसे पीड़ादायक रहे हैं। आज तक देश में इतना असफल और जुमलेबाज प्रधानमंत्री कोई और नहीं हुआ।