logo

कांस फिल्म फेस्टिवल में दिखेगी पलामू में बनी फिल्म 'पेड़ चलता है'

जा्21.jpg

खुशी ठाकुर/पलामू
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोह कांस फिल्म फेस्टिवल में इस बार पलामू में बनी फिल्म पेड़ चलता है का चयन वर्ल्ड प्रीमियर कैटेगरी में हुआ है। इस फिल्म का निर्देशन कोलकाता के चर्चित निर्देशक देवादित्य बंदोपाध्याय ने किया है। फिल्म की पूरी शूटिंग पलामू टाइगर रिजर्व के जंगलों, पलामू किला, शाहपुर किला और मेदिनीनगर के विभिन्न स्थानों पर की गई है। निर्देशक ने बताया कि फिल्म की कहानी जल, जंगल, जमीन और उससे जुड़े लोगों पर आधारित है, जिसे थ्रिलर और सस्पेंस के अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।


स्थानीय कलाकारों के साथ बड़े कलाकारों का संगम
यह फिल्म आउटलाइन एक्सप्रेशन के बैनर तले मासूम आर्ट ग्रुप के सहयोग से बनाई गई है। इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर अमित बहल हैं। फिल्म की मूल कहानी बंगला में पुलक दास ने लिखी है, जबकि हिंदी पटकथा और संवाद पलामू के रंगकर्मी व छायाकार सैकत चटर्जी ने तैयार किए हैं। फिल्म में वीरेंद्र सक्सेना, प्रमोद पाठक, कुमार सौरभ, सतेंद्र सोनी, मैनाक बनर्जी और सुब्रत बनर्जी जैसे कलाकारों के साथ पलामू के स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार अभिनय किया है। फिल्म के डीओपी विक्रम आनंद सावरेवाल बेबे, म्यूजिक डायरेक्टर आनंद भास्कर और फाइट डायरेक्टर सुमित वर्मन हैं।


पलामू और झारखंड के लिए गर्व का क्षण
सैकत चटर्जी ने इसे पलामू ही नहीं, पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग को सफल बनाने में पलामू और लातेहार जिला प्रशासन तथा पलामू टाइगर रिजर्व के अधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। साथ ही स्थानीय रंगमंच से जुड़े कलाकारों ने यह साबित किया है कि अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। फिल्म में पलामू के कई कलाकार जैसे कामख्या प्रसाद सिन्हा, मुरारी पांडेय, अमर भांजा, उज्ज्वल सिन्हा, अविनाश पांडेय, मन्नू राइन, मो. नसीम, शहजादा तालिब, मुकेश विश्वकर्मा, गुलशन मिश्रा, आशना भेंगरा, कनक लता तिर्की, वर्षा, गोविंदा, प्रकाश, आलोक नाथ, आदर्श पांडेय, मो. कैफ, अमर्त्य और अरिंदम आदि नजर आएंगे।


पहले भी कांस में दिख चुकी है पलामू की झलक
निर्देशक ने बताया कि जल्द ही फिल्म के प्रीमियर की तारीख और समय की घोषणा की जाएगी। कांस में केवल उन्हीं फिल्मों को प्रीमियर कैटेगरी में जगह मिलती है, जिनका पहले कहीं प्रदर्शन नहीं हुआ हो। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निर्देशक सत्यजीत राय की फिल्म Aranyer Din Ratri को कांस के आर्काइव सेक्शन में दिखाया गया था, जिसकी शूटिंग भी पलामू के केचकी, बेतला, गारू और छिपादोहर में हुई थी। उस फिल्म के बाद अब ‘पेड़ चलता है’ के माध्यम से एक बार फिर दुनिया को पलामू की खूबसूरती देखने का मौका मिलेगा।

 

Tags - CannesFilmFestival JharkhandCinema PalamuNews IndianFilm EntertainmentNews