logo

बीजेपी और अन्य दलों के लोगों ने थामा जेएमएम का दामन, मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने किया स्वागत 

MTHAKUR1.jpeg

गढ़वा
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रमकंडा प्रखंड अंतर्गत बलिगढ़ पंचायत के अधिसंख्य ग्रामीणों ने बीजेपी सहित अन्य दलों को छोड़ कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर आयोजित मिलन समारोह में सभी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री ठाकुर ने सभी को माला एवं पार्टी का पट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया। मौके पर मंत्री  ठाकुर ने कहा कि आज पार्टी की मजबूती में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। रमकंडा प्रखंड की बलिगढ़ पंचायत के लगभग सभी पंचायतवासी एकजुट होकर बीजेपी सहित अन्य दलों को छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गये हैं। उन्हांने कहा कि झारखंड में झारखंडी जनमानस की सरकार ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में काफी विषम परिस्थितियों के बावजूद गढ़वा सहित पूरे राज्य का सर्वांगीण विकास किया है। 


झारखंड पर केंद्र की गिद्ध दृष्टि 
ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग दूसरे दलों को छोड़कर झामुमो में शामिल हो रहे हैं। झारखंड सरकार राज्य के अंतिम पंक्ति के लोगों को लक्ष्य कर योजनाएं चला रही है। इसका लाभ सीधा जरूरतमंद ग्रामीणों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं उनके आकाओं की झारखंड पर गिद्ध दृष्टि है। वे लोग झारखंड को लूटना चाहते हैं। यही कारण है कि राज्य में बेहतर विकास कार्य कर रहे आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बेवजह तबाह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि असम आदि दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री अपना राज्य चला नहीं रहे हैं। वे लोग झारखंड में घूम रहे हैं। मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके क्षेत्रों में अधिसंख्य सड़कें बन गई है। जो सड़कें बच गई हैं यथाशीघ्र उनका भी निर्माण कार्य होगा। साथ ही मंत्री ने कहा कि उस क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या है इसके लिए वे संबंधित नेटवर्क कंपनी जियो पदाधिकारियों से बात कर समस्या को दूर करायेंगे। 


मौके पर ये लोग थे मौजूद 
मौके पर मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष छोटू सिंह खरवार, चंदा देवी, सलीफ जाफर, नवीन तिवारी, डॉ यासिन अंसारी, फिरोज मंसूरी, विनोद गुप्ता, राजकिशोर यादव, दिलीप गुप्ता, अंकित पांडेय सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।


 

Tags - Mithilesh ThakurBJPJMMJharkhand News