logo

ढोल नगाड़े के साथ सोहराय मनाने जा रहे थे, पिकअप वैन के पलटने से 15 लोग घायल

accident2.jpeg

बोकारो
कसमार के मंजूरा नामक स्थान पर पिकअप वैन के पलटने से 15 लोग घायल हो गये हैं। इनमें से छह की हालत गंभीर बतायी जाती है। मिली खबर के मुताबिक घायल सभी लोग कसमार से बगोदर सोहराय कार्यक्रम में हिस्सा लेने ढोल औऱ नगाड़े के साथ जा रहे थे। सभी त्योहारी मूड में गाना-बजाना कर रहे थे, उसी समय पिकअप वैन स्थानीय कब्रिस्तान के पास पलट गया। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को रांची के रिम्स और मेडिका अस्पताल में रेफर किया गया है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पिकअप वैन हादसे के समय तेज रफ्तार में था और इसी कारण चालक ने वैन पर से नियंत्रण खो दिया। 

स्थानीय विधायक पहुंचे घायलों का हाल जानने 
घटना की खबर स्थानीय विधायक लंबोदर महतो घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को रांची भेजने के लिए अपनी ओऱ से पहल की। निजी वाहन से उनके रांची के रिम्स और मेडिका अस्पताल के लिए रवाना किया गया। मिली खबर के मुताबिक वैन पलटने से लुटु महतो और कामेश्वर महतो का हाथ टूट गया है। वहीं नेहरू महतो के पैर की हड्डी टूट गयी है। कुछ को सिर और पैर में चोट लगी है। इन सभी को रिम्स और मेडिका में रेफर किया गया है। 

टंडरा गांव के निवासी हैं सभी घायल 

हादसे में कम घायल लोगों को सामुदायिक चिकित्सा केंद्र में प्राथमिक इलाजा के बाद वापस घर भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार हादसे में घायल सभी लोग कसामार के निकट टंडरा गांव के रहने वाले हैं। ये लोग टंडरा से पिकअप वैन में सवार होकर बगोदर जा रहे थे। यहां उनको डहरे सोहराय कार्यक्रम में हिस्सा लेना था।