नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले में आज आम जनमानस की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा समाहरणालय के कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में आकर अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जाएगा, और उन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनता दरबार के दौरान कृषि विभाग, अनुकम्पा, रोजगार इत्यादि से संबंधित कई मामले आए। इसके अलावा जिले के विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन और शिकायतें भी प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इन मामलों की भौतिक जांच कर शीघ्र समाधान करें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह भी आदेश दिया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर समाधान की प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन में कोई कठिनाई न हो।
