द फॉलोअप डेस्क
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को 7 सितंबर की रात एक धमकी भरा कॉल आया। कॉल करने वाले ने उन्हें धमकी दी कि "तुम इंतजार करो, तुम्हें बहुत जल्द उड़ा देंगे… हम लोग झारखंड के लिए निकल चुके हैं।" इस घटना के बाद मंत्री के निजी सचिव अज़हरुद्दीन ने बोकारो स्टील सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई और तत्काल FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में अज़हरुद्दीन ने पुलिस से अपील की है कि धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ उचित धाराओं में FIR दर्ज की जाए और शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मंत्री इरफान अंसारी की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने की भी मांग की गई है। अज़हरुद्दीन ने कहा, "मंत्री इरफान अंसारी जनता की सेवा और झारखंड के विकास कार्यों में पूरी निष्ठा से लगे हुए हैं। इस प्रकार की धमकियां कायराना हरकत हैं और इससे न तो मंत्री इरफान अंसारी और न ही हमारी टीम विचलित होगी। हम पूरी घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कर चुके हैं और हमें भरोसा है कि दोषियों पर शीघ्र कड़ी कार्रवाई होगी।" मंत्री इरफान अंसारी ने इस मामले पर कहा कि वह जनता की सेवा और झारखंड के विकास कार्यों से पीछे नहीं हटेंगे और किसी भी प्रकार की धमकियों से भयभीत नहीं होंगे।
बता दें कि 7 सितंबर के देर रात लगभग 11:45 बजे से 12 बजे के बीच 7005758247 नंबर से मंत्री इरफ़ान अंसारी को धमकी भरा कॉल आया था। यह पहली बार नहीं जब उन्हें ऐसी धमकियां मिली हो इससे पहले भी उन्हें कॉल करके बम से उड़ाने की धमकी दी थी, जिसे पटना से गिरफ्तार किया गया था।
