मनोहरपुर-राउरकेला:
Manoharpur-Rourkela: मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर खजूर पुल के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें शादी समारोह से लौट रहे लोगों की खुशियां मातम में बदल गईं। बारात से लौट रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता समेत सात लोग घायल हो गए।

तेज रफ्तार के कारण संकीर्ण मोड़ पर पलटी पिकअप
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आनंदपुर प्रखंड के हारता गांव से करीब 16 लोग पिकअप वैन पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के बाद ओडिशा लौट रहे थे। इसी दौरान मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई के खजूर पुल के समीप गुरुवार रात करीब 10:30 बजे पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया गया कि मेदासाई में विजय पूर्ति के घर के पास खजूर पुल के समीप संकीर्ण मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहन में सवार लोग सड़क पर इधर-उधर गिर पड़े। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में 22 वर्षीय संकीत कुजूर पिकअप के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने संकीत को मृत घोषित कर दिया। वह ओडिशा के लाठीकाटा थाना क्षेत्र के सरगीगड़ा गांव का निवासी था।

एक घायल रेफर, छह को मिली छुट्टी
हादसे में संकीत के पिता रोबिन कुजूर (40), एलेक्स लकड़ा (24), पौलुष धान (33), समित कुजूर (24), प्रताप मिंज (21), पत्रस बरवा (21) और पूर्णो मिंज (19) घायल हुए हैं। इनमें एलेक्स लकड़ा की स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, रोबिन कुजूर समेत छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलने पर मनोहरपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।