logo

Godda : गोड्डा-रांची इंटरसिटी के उद्घाटन समारोह में भड़के प्रदीप यादव, रेल अधिकारियों को खूब सुनाया

pradeepyadav14.jpg

गोड्डा: 

पोड़ैयाहाट से विधायक और कांग्रेस नेता प्रदीप यादव ने रेल अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान प्रदीप यादव खासे नाराज दिखे। मौका था गोड्डा रेलवे स्टेशन पहुंची, गोड्डा-रांची इंटरसिटी के उद्धाटन समारोह का। इस बीच गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन झामुमो के एजेंट की तरह काम कर रहा है। 

मंच पर ही अधिकारियों पर भड़े प्रदीप यादव
गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव शनिवार को गोड्डा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस के उद्धाटन समारोह के दौरान मंच पर ही रेलवे के अधिकारियों पर भड़क गये। इधर, निशिकांत दुबे ने प्रदीप यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक ने जिस तरह का बर्ताव किया, वो उनकी घटिया मानसिकता दिखाता है। इस बीच निशिकांत दुबे ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी नहीं बख्शा। 

प्रदीप यादव की नाराजगी की वजह क्या थी
मिली जानकारी के मुताबिक उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर अतिथियों के लिए झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री सहित सांसद औऱ विधायक के लिए जगह निर्धारित की गई थी। इस बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे और विधायक अमित मंडल मंच की जगह नीचे कार्यकर्ताओं के सात बैठ गये। इधर मंच पर बैठे सभी जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के बोलने के बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष राजीव मेहता को बोलने का मौका दिया गया। इसी बात पर प्रदीप यादव आग-बबूला हो गये। 

बीजेपी के सांसद और विधायक भी थे मौजूद
जैसे ही बीजेपी जिलाध्यक्ष ने अपना संबोधन खत्म किया, प्रदीप यादव भड़क गये। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों को मंच पर ही खरी-खोटी सुना दी। इस दौरान रेलवे के पदाधिकारी प्रदीप यादव के सामने हाथ जोड़े खड़े नजर आए। प्रदीप यादव ने इस बीच खुद कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश यादव को संबोधन के लिए बुलाया। दिनेश यादव ने मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित किया। 

निशिकांत दुबे ने प्रदीप यादव को साधा निशाना
सांसद निशिकांत दुबे ने प्रदीप यादव पर मंच को हाईजेक करने और दबंगई दिखाने का आरोप लगाया। निशिकांत दुबे ने कहा कि गोड्डा का सांसद मैं हूं। विधायक अमित मंडल हैं तो कोई दूसरा मंच पर क्यों बैठेगा। प्रदीप यादव को उन्होंने घटिया कह दिया। वैसे 1 साल पहले भी 8 अप्रैल 2021 को गोड्डा रेलवे स्टेशन पर निशिकांत दुबे और प्रदीप यादव आपस में भिड़ गये थे।