सिदगोड़ा/जमशेदपुर:
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थानाक्षेत्र स्थित बारीडीह बस्ती में शनिवार देर रात पुलिस को स्थानीय लोगों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। एक घरेलू विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने नाराजगी जतायी और कुछ देर के लिए पुलिस वाहन को घेरकर हंगामा किया। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई।

पुलिसकर्मी पर पति को पीटने का आरोप
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात 10 बजे करीब बारीडीह बस्ती में पति-पत्नी (नेहा कुमारी और रविश) के बीच विवाद हुआ था। शिकायत मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना की पुलिस 10:30 बजे मामले की जांच और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाना लाने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने पति रविश को वाहन में बैठाने के दौरान डंडे से पिटाई की और धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर में चोट लग गयी।

पुलिसकर्मी पर नशे में होने का लगा आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गये और विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने संबंधित पुलिसकर्मी को घेर लिया और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी तीखी बहस हुई। हालात तनावपूर्ण होते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और व्यक्ति को जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी ने बातचीत से सुलझाया मामला
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी फैज अकरम मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस टीम भेजी गयी थी। इसी दौरान एक जवान द्वारा धक्का लगने से व्यक्ति घायल हो गया। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।