द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत हरलाडीह ओपी क्षेत्र के एक गांव में बीते 25 जनवरी की रात जतरा मेला देखकर लौट रही दो नाबालिग बच्चियों के साथ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश मुर्मू गिरिडीह निवासी, रविलाल टुडू गिरिडीह निवासी, संजय टुडू धनबाद निवासी और सोहन टुडू धनबाद निवासी शामिल हैं। इन चारों आरोपियों के पास से पुलिस ने सात मोबाइल फोन और एक जींस पैंट बरामद की है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि घटना के बाद खुखरा (हरलाडीह) थाना कांड संख्या 02/26, दिनांक 26.01.2026, धारा 70(2)/3(5) बीएनएस एवं 6/10 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। कांड के त्वरित उद्भेदन के लिए डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर श्वान दस्ता, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, रांची तथा तकनीकी टीम को महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित करने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया। विशेष अनुसंधान दल द्वारा मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का उद्भेदन करते हुए दोनों नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म में संलिप्त चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। साथ ही इस कांड में संलिप्त चार विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है।
.jpeg)