logo

पाकुड़ में में सड़क दुर्घटना के बाद उपद्रव मामले में पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार

tkuir.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले के गांधी चौक स्थित बड़ी मस्जिद के सामने 27 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद शहर में हालात बेकाबू हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और शव को सड़क से हटाने से इनकार कर दिया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की गई। सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक और सह थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर करीब 500 से 600 लोगों की भीड़ उत्तेजित अवस्था में थी, जिसने मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को शांतिपूर्वक समझाने का प्रयास किया, लेकिन असामाजिक और उकसावे वाले तत्वों ने भीड़ को भड़का दिया।
स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने लाठी-डंडा और अन्य हथियार लेकर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते यह अवैध और उग्र जमावड़ा बन गया और शहर के प्रमुख मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए। उपद्रवियों ने दुकानदारों को डराते हुए जबरन दुकानें बंद करवा दी, जिससे शहर का सामान्य जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया। उपद्रव का दायरा बढ़कर पाकुड़ नगर थाना, उपायुक्त आवास चौक, बस स्टैंड और दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने मुख्य मार्ग तक फैल गया। कई स्थानों पर तोड़फोड़ भी हुई, जिससे शहर में कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई।

मामले में पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 16/26 और 17/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम मालीपाड़ा निवासी अजय प्रमाणिक उर्फ अजय ठाकुर (उम्र लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी महुआडांगा वार्ड संख्या-03, पंचायत हिरानंदनपुर का रहने वाला है। छापामारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पु.अ.नि. सन्नी सुप्रभात, पु.अ.नि. अभिषेक कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और अन्य उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

 

Tags - latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest jharkhand News jharkhand news updates Jharkhand News updates latest Jharkhand News jharkhand news Updates jharkhand News in hindi Pakur news updates Pakur news in hindi latest Pakur news Pakur