द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में रंगदारी मांगने और फायरिंग की घटना में शामिल 6 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 30 अक्टूबर की रात को बरकट्ठा थाना क्षेत्र में शुरू हुआ, जब गुलाम रबानी नामक एक स्थानीय व्यवसायी से मोबाइल नंबर 6291285513 का उपयोग करके दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस धमकी के कुछ दिन बाद, 6 नवंबर को अपराधियों ने वादी (गुलाम रबानी) के घर की पार्किंग में खड़ी वाहन पर गोली मारकर सनसनी फैला दी थी।
गोलीबारी की घटना के बाद बरकट्ठा थाना में कांड संख्या 153/25, दिनांक 06.11.25, धारा 308 (4) भा०न्याय संहिता एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही ने किया। टीम ने बरकट्ठा और गोरहर थाना के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की और इस दौरान कांड में संलिप्त सभी छह अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में बरकट्ठा थाना क्षेत्र के नावेद खान उर्फ गोलु खान, सलमान अंसारी, अबूल अंसारी, अफसर अंसारी, और आलोक कुमार शामिल हैं। इनके अलावा, गोरहर थाना क्षेत्र का सत्यम कुमार भी पकड़ा गया है। पुलिस के समक्ष सभी पकड़े गए अपराधियों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि इसी मोबाइल नंबर का उपयोग करके उन्होंने टाटीझरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत भी ब्लैकमेलिंग के जरिए रंगदारी मांगी थी। इस संबंध में टाटीझरिया थाना कांड संख्या 48/25 में भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं जब्त की हैं। जब्त सामग्रियों में एक देसी पिस्टल, 08 जिन्दा गोलियां, एक बजाज प्लसर मोटरसाईकिल (नं० जे०एच० 02 ए०एल०-4873), और 06 मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से हजारीबाग क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त होने की उम्मीद है।
