द फॉलोअप डेस्क
पलामू में जमीन विवाद को लेकर हुई हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 11 बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को हथियारों और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमजद खान, मोहित और तनवीर शामिल हैं, जिनके पास से देसी कट्टा, पिस्टल और गोलियां बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इनमें एक पक्ष सोनू खान के परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। शनिवार देर रात विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने टेक्निकल इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की और देर रात डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास से तीनों मुख्य आरोपी अमजद खान, मोहित और तनवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी अमजद खान का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले भी वह जमीन पर जबरन कब्जे और एससी/एसटी एक्ट के मामले में चैनपुर थाना में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस का मानना है कि हवाई फायरिंग का उद्देश्य दूसरे पक्ष पर दबाव बनाना और इलाके में अपना दबदबा दिखाना था।
पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि यह जमीन विवाद से संबंधित मामला है। रात में हवाई फायरिंग की जानकारी मिलते ही टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया और तीन मुख्य आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और जमीन विवाद की पृष्ठभूमि की भी जांच जारी है।
.jpeg)