नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के अंगूठियां गांव में बंधक बनाए गए ट्रैक्टर चालक परेश यादव को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) गोविंद कुमार साहा और एएसआई दिलीप कुमार मण्डल गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने एएसआई गोविंद कुमार साहा को बंधक बनाकर एक पेड़ से बांध दिया था। जानकारी के अनुसार, साहेबगंज जिले के इस्लामपुर निवासी सुल्तान शेख का पत्थर चिप्स लदा ट्रैक्टर (संख्या जेएच 16 ई 3798) गांव से गुजर रहा था। तभी गांव के कुछ आरोपियों ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से 5000 रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर चालक को मारपीट कर बंधक बना लिया गया।
इसकी सूचना मिलने पर सुबह करीब ढाई बजे पुलिस दल मौके पर पहुंचा। वहां मौजूद लगभग 10-15 व्यक्तियों ने पुलिस दल पर गाली-गलौज करते हुए लाठी, टांगा, हंसुआ, लोहे की रॉड और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में एएसआई गोविंद साहा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें पेड़ से बांध दिया गया। इस दौरान पुलिस वाहन के चालक, जवान और चौकीदार भाग निकले। बाद में, एएसआई दिलीप मंडल, मुंद्रिका प्रसाद यादव, किशोर कुमार टुडू, अजय पासवान, नैमुल अंसारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने इन पुलिस कर्मियों पर भी धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई दिलीप मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए और अन्य पुलिस पदाधिकारियों को भी चोटें आईं। आरोपियों ने दो पुलिस पदाधिकारियों की वर्दी भी फाड़ दी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों, ग्राम प्रधान करमु राय और सियो राय को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा अवैध वसूली के लिए ट्रैक्टर चालक को बंधक बनाया गया था। चालक को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम प्रधान करमु राय और सियो राय शामिल हैं। इनके अलावा, मनोज यादव, फूलों देवी, जगनी देवी और अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि अन्य आरोपी भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
