logo

हेमंत सोरेन के समर्थन में आत्मदाह करने पहुंचा गढ़वा का युवक, पुलिस ने हिरासत में लिया

a1114.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ जारी है। इस बीच उनके समर्थन में आत्मदाह की चेतावनी देने वाला युवक रांची पहुंचा। उसने पहले ही प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों को चिट्ठी लिखकर कहा था कि यदि मुख्यमंत्री को किसी ने छुआ भी तो वह आत्मदाह कर लेगा। शनिवार को जब ईडी के अधिकारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे तो गढ़वा का वह युवक भी रांची पहुंचा। हालांकि, इससे पहले कि कोई अनहोनी हो पाती, पुलिस के जवानों ने उसे हिरासत में लिया। पुलिस उसे लेकर अरगोड़ा थाना पहुंची। समाचार लिखे जाने तक उस युवक को अरगोड़ा थाने में पुलिस की निगरानी में रखा गया था। बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता राजधानी रांची में इकट्ठा हुए हैं। समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। 

सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ से आक्रोशित झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदेश के अलग-अलग जिलों से राजधानी रांची पहुंचे हैं। राजभवन के समीप और मुख्यमंत्री आवास के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ता डटे हैं और हेमंत सोरेन जिंदाबाद के नारे लगा रहे है। इस दौरान मी़डिया से बातचीत में कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम ईडी या उनकी कार्रवाई का विरोध करने नहीं बल्कि मुख्यमंत्री के प्रति समर्थन जताने के लिए आए हैं। हालांकि, इस दौरान कहा कि यदि मुख्यमंत्री को छुआ भी तो हालात बेकाबू हो जाएंगे। कई कार्यकर्ता झामुमो के चुनाव चिन्ह तीर धनुष के साथ भी रांची पहुंचे है। इस बीच पुलिस के जवान कार्यकर्ताओं को समझाने-बुझाने में जुटे हैं। चेतावनी भी दी है कि यदि कानून हाथ में लिया तो कड़ी कार्रवाई होगी। 

सीएम हेमंत सोरेन के समर्थन में नारेबाजी की
बता दें कि शुक्रवार को भी 13 आदिवासी संगठनों के लोगों ने मोरहाबादी मैदान से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च किया। मुख्यमंत्री आवास के बाहर सीएम हेमंत सोरेन के समर्थन में नारेबाजी की। इससे पहले कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि ईडी की कार्रवाई को लेकर राज्य के आदिवासियों में आक्रोश है।