logo

पलामू में मनाया गया पुलिस संस्मरण दिवस, शहीद जवानों को किया गया सम्मानित

den_yuae5y67n35.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू पुलिस लाइन में मंगलवार को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जोनल आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के दौरान जोनल आईजी और एसपी ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि पलामू के शहीद जवानों ने अपनी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा से न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। उल्लेखनीय है कि झारखंड के गठन के बाद से अब तक पलामू जिला बल के 25 पुलिसकर्मी शहीद हो चुके हैं। वहीं वर्ष 2024–25 में पूरे देश में कुल 191 पुलिस जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण गंवाए, जिनमें पलामू के दो जवान भी शामिल हैं, जो सितंबर 2025 में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए थे।
समारोह में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया और उनकी भावनाओं को साझा करते हुए उनके योगदान को सराहा गया। इस मौके पर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद, डीएसपी राजेश यादव, डीएसपी राजीव रंजन, प्रभारी सार्जेंट मेजर सुरेश राम, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। जोनल आईजी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस संस्मरण दिवस उन वीर जवानों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि 1959 में चीन सीमा पर गश्ती के दौरान एक डीएसपी सहित दस जवानों की शहादत की स्मृति में हर वर्ष 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है। समारोह के अंत में शहीदों की स्मृति में दीप प्रज्वलित किए गए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand News updates latest jharkhand News jharkhand News updates< palamu news palamu news updates latest palamu news palamu News in hindi Jharkhand News palamu news in hindi palamu updates palamu breaking news palamu ne