द फॉलोअप डेस्क
देर रात हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ अपहृत युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया गया, बल्कि एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना करसो गांव की है जहां विनोद सिंह का पुत्र सौरभ कुमार देर रात अपराधियों के निशाने पर आ गया। अज्ञात अपराधियों ने उसे कार से अपहरण कर लिया और परिजनों से पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
जैसे ही सूचना पुलिस तक पहुंची, हजारीबाग एसपी ने तुरंत एसडीपीओ अजित कुमार बिमल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। तकनीकी शाखा की मदद से अपराधियों की लोकेशन ट्रेस की गई और लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। नतीजतन, महज चार घंटे बाद रात करीब 1:45 बजे पुलिस ने गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र से सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया।
इस दौरान पुलिस ने अपहरणकर्ता अरुण कुमार उर्फ अरुण पाठक को गिरफ्तार किया और उसके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि फिरौती के रूप में 17 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए भेजे गए थे, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों की योजना नाकाम रही है। एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
