द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डायगोनल रोड में 10 जुलाई को हुई 15 लाख की चोरी के बड़े मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से चोरी किये गये चांदी के सिक्के, सोने की टूटी हुई चूड़ियां, नगद 31,500 रुपये और 5 मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जमशेदपुर के सीनियर एसपी पीयूष पांडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गये आरोपियों में जुगसलाई बलदेव बस्ती का रहने वाला रोहित राव उर्फ रोहित साव उर्फ लल्ला (21), बागबेड़ा रोड नंबर 2 का रहने वाला अमन कुमार उर्फ गोरी उर्फ राहुल (26), जुगसलाई बलदेव बस्ती का रहने वाला विकास दास उर्फ अंडा उर्फ अंडा बच्चा (19), बागबेड़ा लाल बिल्डिंग का रहने वाला आकाश पात्रो उर्फ एजे (27) और सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला रजनीश लाल (54) शामिल है।
एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद घर मालिक की लिखित शिकायत पर बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-112/25 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी। टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर मनोज ठाकुर ने किया। जिसमें पुलिस ने सफलता प्राप्त की।
