द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छायानगर में बुधवार को गोली चलाने की घटना का उद्भेदन पुलिस ने 12 घंटे के अंदर कर दिया है। गुरुवार को जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गोली चलाने की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी कट्टा, दो खोखा, एक जिंदा गोली और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। गिरफ्तार अपराधियों में छायानगर स्थित होम पाइप के समीर जैना, अभिषेक कुमार सिंह और टेल्को गायत्रीनगर निवासी विजय तिवारी उर्फ गोलू शामिल हैं। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि घटना 16 जुलाई को दोपहर लगभग एक बजे घटी थी। सूचना मिली कि जेल से हाल ही में छूटे अपराधी समीर जैना ने छायानगर निवासी और टकलू लोहार की पत्नी रितु लोहार पर गोली चला दी थी। समीर जैना ने प्रिंस लोहार को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके विरोध में रितु लोहार समीर जैना के घर पहुंची थी। वहां दोनों के बीच गाली-गलौज और झड़प हुई, जिसके दौरान समीर ने फायरिंग कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक नगर-प्रथम भोला प्रसाद सिंह कर रहे थे। इस टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी समीर जैना को हिरासत में लिया। पूछताछ में समीर ने प्रिंस लोहार को धमकाने और उसकी मां पर गोली चलाने की बात स्वीकार की।
जांच में सामने आया कि वारदात के समय समीर का दोस्त अभिषेक कुमार सिंह भी देसी कट्टा के साथ मौके पर मौजूद था। फायरिंग के बाद दोनों ने चोरी की मोटरसाइकिल से टेल्को स्थित गायत्रीनगर भागकर अपने तीसरे साथी विजय तिवारी उर्फ गोलू के पास हथियार और कारतूस छिपा दिए। खोखा अभिषेक के पास ही था। पुलिस का कहना है कि घटना में प्रयुक्त हथियारों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
