द फॉलोअप डेस्क
पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र में 01 नवंबर को हुई गोलीकांड की जांच में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने आकाश कुमार सिंह उर्फ गोलू सिंह को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल, घटना के समय पहने गए कपड़े, जूते और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 01 नवंबर को हैदरनगर हाई स्कूल के सामने अज्ञात अपराधी ने निरज चंद्रवंशी को पीठ में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रिंस मेहता द्वारा सुपारी देकर कराए जाने वाला हमला पाया गया। इस घटना के बाद हैदरनगर थाना में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देशानुसार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 21 नवंबर को आकाश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि लोहरपुरा निवासी प्रिंस मेहता ने 70,000 रुपये की सुपारी दी थी, जिसके एवज में 01 नवंबर को हैदरनगर हाई स्कूल के समीप पीठ पर गोली मारकर हत्या का प्रयास किया गया। अभियुक्त ने यह भी कहा कि इस कांड में सुमित मेहता और साकिन भी शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल, सफेद शर्ट, ग्रे जींस, ग्रे जूते, लाल गमछी और एक कीपैड मोबाइल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच जारी रखे हुए है।
