logo

साहिबगंज में पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, डे-नाइट क्रिकेट से बढ़ा रोमांच

SPORTS_p.JPG

साहिबगंज 
संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन दुमका डीआईजी अंबर लकड़ा ने कबूतर उड़ाकर और बैट से गेंद खेलकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फील्ड गेम अधिक से अधिक खेलने से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ-साथ अनुशासन भी सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में खेलों का महत्वपूर्ण योगदान है और खेलकूद से अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से अपील की कि वे ड्यूटी के साथ-साथ खेलों के लिए भी समय निकालें और फील्ड गेम को बढ़ावा दें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में वॉलीबॉल कोर्ट और पुलिस लाइन में खेल मैदान की व्यवस्था होनी चाहिए।

पहली बार इस प्रतियोगिता में क्रिकेट

कार्यक्रम से पहले डीआईजी, डीसी सहित अन्य अतिथियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद मंच पर साहिबगंज एसपी सह क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता सचिव अमित कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का बुके देकर, बैज लगाकर और कैप पहनाकर स्वागत किया। इस प्रतियोगिता में जामताड़ा, गोड्डा, देवघर, दुमका, पाकुड़ और मेजबान साहिबगंज की टीमों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। सभी टीमों के खिलाड़ियों और मैनेजरों को शपथ भी दिलाई गई। डीआईजी ने कहा कि तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी प्रतिभागी खेल भावना के साथ हिस्सा लें। वहीं एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि पहली बार इस प्रतियोगिता में क्रिकेट को शामिल किया गया है, जिसमें डे-नाइट मैच भी आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान शानदार आतिशबाजी के बीच क्रिकेट मैच का शुभारंभ हुआ। पुलिस लाइन मैदान को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से दुल्हन की तरह सजाया गया है।

पहले दिन इन्होंने जीता पदक 
लॉन्ग जंप (महिला): स्वर्ण-सेल्सटीना बेसरा (साहिबगंज), रजत-चंदलक्ष्मी (दुमका), कांस्य-बसंती मुर्मू (दुमका),  लॉन्ग जंप (पुरुष): स्वर्ण-मनोज सोरेन (साहिबगंज), रजत-रमेश हेंब्रम (दुमका), कांस्य-निवास हांसदा (जामताड़ा), 4x400 मीटर रिले (पुरुष): स्वर्ण-जामताड़ा, रजत-देवघर, कांस्य-साहिबगंज
1500 मीटर दौड़ (महिला): स्वर्ण-शर्मिला हांसदा (जामताड़ा), रजत-तनु खातून (देवघर), कांस्य-फूलकुमारी टुडू (दुमका), 1500 मीटर दौड़ (पुरुष):
स्वर्ण-बबलू हांसदा (जामताड़ा), रजत-दिनेश किस्कू (देवघर), कांस्य-शिवजी यादव (पाकुड़) शॉट पुट (महिला): स्वर्ण-सुमन लता मुर्मू (जामताड़ा), रजत-सलोनी मुर्मू (जामताड़ा), कांस्य-रेणुका मरांडी (दुमका), शॉट पुट (पुरुष): स्वर्ण-मुन्ना कुमार पासवान (देवघर), रजत-अशरफ अली (देवघर), कांस्य-शिवेश कुमार (साहिबगंज) वहीं फुटबॉल मुकाबले में दुमका और जामताड़ा की टीमों ने जीत दर्ज की, जबकि क्रिकेट में गोड्डा ने पहला मैच जीता। खबर लिखे जाने तक साहिबगंज और गोड्डा के बीच डे-नाइट क्रिकेट मैच जारी था और कई अन्य खेलों का आयोजन भी चल रहा था। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के एसपी, डीएसपी, टीम मैनेजर, कप्तान और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags - Police Sports Competition Dumka DIG Amber Lakra Field Games Discipline in Police Sports in Police Department