द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले में बढ़ते अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर 50 मोटरसाइकिलों पर तैनात 100 पुलिस जवानों की एक विशेष रक्षक उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है। यह दस्ता 24 घंटे जिले के अलग-अलग इलाकों में गश्त करेगा और अपराधियों पर पैनी नजर रखेगा।

पिछले 15 दिनों में जिले में अपराध के मामलों में तेजी देखी गई है। चोरी, छिनतई, आगजनी और गोलीबारी जैसी घटनाओं ने आम जनता में डर का माहौल बना दिया है और पुलिस प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने जानकारी दी कि अपराध पर नियंत्रण के लिए चौतरफा तैयारी की जा रही है। जिले में सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराई जा रही है, विभिन्न स्थानों पर पीसीआर वैन तैनात की गई हैं, वाहन चेकिंग अभियान तेज किया गया है और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
