logo

हजारीबाग : केरेडारी में 1.5 करोड़ के सोना-चांदी के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 7 गिरफ्तार

jhgefrhg.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में हुई करीब 1.5 करोड़ रुपये के सोना-चांदी के आभूषणों की चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए सोना-चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बता दें कि घटना 2 अक्टूबर 2025 की है, जब केरेडारी बाजार टॉड निवासी कुलदीप सोनी के घर का ताला तोड़कर अज्ञात अपराधियों ने बड़ी मात्रा में सोना और चांदी के गहने चोरी कर लिए थे। चोरी गए आभूषणों का बाजार मूल्य लगभग 1.5 करोड़ आंका गया था। पीड़ित के आवेदन पर केरेडारी थाना में 3 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
एसआईटी ने तकनीकी शाखा की मदद से लगातार छापेमारी और सूचना संकलन कर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के क्रम में 1 नवंबर की रात पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि केरेडारी थाना क्षेत्र के कोदवे के पास चोरी के सामान के साथ कुछ लोग मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहन कुमार, अंकित कुमार, सुमित गुप्ता उर्फ पिजु और सन्दु कुमार को गिरफ्तार किया।

इनकी निशानदेही पर अन्य तीन अभियुक्त, मुकेश कुमार, राजेश सोनी और राहुल कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। सातों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (संख्या JH02AV-6061), सात मोबाइल फोन और 264.5 ग्राम सोना और 444 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कुलदीप सोनी अपने परिवार के साथ दुर्गा पूजा मेला घूमने गए हैं। इसके बाद मुकेश कुमार और राहुल कुमार ने घर की रेकी की और सूचना दी कि घर खाली है। इसके बाद बाकी अपराधियों ने मिलकर घर का ताला तोड़ा और कीमती गहने चोरी कर लिए।

बता दें कि मुख्य आरोपी मुकेश कुमार पहले भी मोटरसाइकिल चोरी के मामले में लातेहार जिला के बरियातू थाना क्षेत्र से जेल जा चुका है। सुमित गुप्ता कई थानों में चोरी और गृहभेदन के मामलों में संलिप्त रहा है, जबकि राजेश सोनी पर बैंक में गलत सोना देकर फ्रॉड करने का मामला दर्ज है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी  अमित आनंद, डीएसपी पवन कुमार, थाना प्रभारी विवेक कुमार (केरेडारी), निरीक्षक ललित कुमार, प्रभारी अधिकारी निशांत कैरेकेटा (लोहसिंघना), प्रभारी पंकज कुमार (बड़ाबाजार ओपी), टिंकु कुमार सिंह (केरेडारी थाना), तकनीकी शाखा हजारीबाग और सशस्त्र बल के जवान। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर अंकुश लगेगा और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ेगा।

 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand News updates latest Jharkhand News Jharkhand News Updates Jharkhand News in Hindi hazaribagh Updates Latest hazaribagh News hazaribagh News updates latest hazaribagh News hazaribagh News in hindi latest hazaribagh